Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
10 घंटे पहलेलेखक: मनीषा भल्ला
- कॉपी लिंक

- ‘सूर्यवंशी’ और ‘चेहरे’ टल चुकी: सब चाहते हैं कि ‘राधे’ समय पर आए
- कोरोना के कारण अगले दस दिन का किसी को भरोसा नहीं
‘मैने एक बार जो कमिटमेंट कर दिया तो फिर मैं अपने आप की भी नहीं सुनता।’ सलमान का ये डायलाॅग हर किसी को जुबानी याद है। इसी डायलाॅग के साथ सलमान ने ‘राधे’ का पोस्टर रिलीज करते हुए फिल्म को ईद पर यानी 13 मई को रिलीज करने का कमिटमेंट किया था। तब सलमान ने लिखा था, ‘ईद का कमिटमेंट था, ईद पर ही आयेंगे’ पर, उस वक्त किसी को पता नहीं था कि इस बार खुद कोरोना दबंग हो जायेगा।
अक्षय कुमार की ‘सूर्यवंशी’ की रिलीज आधिकारिक तौर पे टल चुकी है। अमिताभ बच्चन की ‘चेहरे’ के मेकर्स तो पहले ही रिलीज टाल चुके है। अब सलमान कमिटमेंट के बाद चाहे अपनी ही बात सुनें या ना सुनें पर पर हालात की आहट सुन रही इंडस्ट्री की सांसें इस सस्पेंस पे अटकी हुई हैं कि ‘राधे’ की रिलीज समय पर होगी या नहीं। ‘राधे’ का ट्रेलर सेंसर बोर्ड ने पास कर दिया है और कुछ ट्रेड के लोग इसे देख भी चुके हैं। फिल्म के निर्देशक प्रभु देवा का 3 अप्रैल को जन्मदिन था। उसी दिन ट्रेलर लांच होने की बात चली थी पर ऐसा नहीं हुआ। इसके बाद हालात बिगड़ते चले गए। महाराष्ट्र में पूरा अप्रैल माह लॉकडाउन लग जाने से सिनेमाघर बंद रहने वाले हैं।
कठिन होगा रिलीज टालने का फैसला
पहले एक उम्मीद थी कि महाराष्ट्र नहीं तो यूपी में भी बिजनेस हो जाएगा। पर अब यूपी, मध्य प्रदेश, राजस्थान और दिल्ली में भी नाइट कर्फ्यू जैसी पाबंदियां शुरू हो चुकी हैं। इस माहौल में दूसरी फिल्में तो टल चुकी हैं पर, ईद पर रिलीज हो चुकी सलमान की फिल्मों का रिकॉर्ड देखते हुए ये तय है कि ‘राधे’ को टालने का फैसला बहुत कठिन होगा। ईद पर फिल्म बिजनेस करने का सिलसिला सलमान खान ने 2009 से शुरू किया था। ईद पर रिलीज होने वाली सलमान खान की कमजोर कहानी वाली फिल्में भी 100 करोड़ से ज्यादा का कारोबार कर जाती हैं।
साल | फिल्म | लागत | देश में कमाई | पूरी दुनिया में कमाई |
2009 | वॉन्टेड | 35 | 61 | 100 |
2010 | दबंग | 42 | 140 | 220 |
2011 | बॉडीगार्ड | 60 | 148 | 250 |
2012 | एक था टाइगर | 75 | 199 | 334 |
2014 | किक | 140 | 233 | 388 |
2015 | बजरंगी भाईजान | 90 | 321 | 969 |
2016 | सुल्तान | 90 | 300 | 614 |
2017 | ट्यूबलाइट | 100 | 120 | 211 |
2018 | रेस-3 | 150 | 167 | 300 |
2019 | भारत | 100 | 211 | 325 |
एक्सपर्ट का कहना है
सलमान की ईद पर रिलीज होती फिल्मों का बॉक्स ऑफिस पर परफॉर्मेंस का ये सिलसिला देखकर ये समझना मुश्किल नहीं है कि क्यों मल्टीप्लैक्स और सिंगल स्क्रीन थिएटर के ओनर्स ‘राधे’ का ईद पर ही रिलीज होने का इंतजार कर रहे हैं। महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के डिस्ट्रीब्यूटर अक्षय राठी बताते हैं ‘कमाई के लिहाज से महाराष्ट्र सबसे बड़ा सर्किल माना जाता है। मई के पहले सप्ताह कोरोना कंट्रोल होने की उम्मीद है। ऐसे में जब थिएटर खुलेंगे तो राधे ब्लॉक बस्टर जाएगी ही। हमारी उम्मीदें अब ईद से हैं।’
वरिष्ठ ट्रेड एनालिस्ट अतुल मोहन बताते हैं ‘सलमान खान ने साबित किया कि ईद पर कमाई कैसे की जाए, ईद पर रिलीज हुई ‘ट्यूबलाइट’ जैसी कमजोर फिल्मों ने भी भारी मुनाफा कमाया। राधे को थिएटर में रिलीज करने को लेकर पूरे एक साल का इंतजार किया गया है इसलिए मुझे नहीं लगता कि इसे सिर्फ ओटीटी पर रिलीज किया जाएगा।’ सलमान खान प्रोडक्शन हाउस से जी स्टूडियो ने दो फिल्में ‘राधे’ और ‘अंतिम’ के राइट्स 250 करोड़ रुपये में खरीदे हैं। ‘राधे’ से 300 करोड़ से ऊपर का कारोबार करने की उम्मीद है।
जी ने बताया, हम तो चाहते हैं पर….
इस तमाम असमंजस के बारे में ‘भास्कर ’ के साथ बातचीत में जी स्टूडियो की ओर से आधिकारिक तौर पर बताया गया कि एक दो दिन में राधे की रिलीज और ट्रेलर रिलीज पर फाइनल बैठक होने वाली है। वैसे फिलहाल तो तो हम यही कहेंगे कि ये फिल्म ईद पर ही आ रही है। लेकिन, आने वाले 10-15 दिन में कोरोना की वजह से क्या परिस्थितियां बनती हैं यह कोई भी नहीं जानता है।
कोरोना के दौर में आई फिल्मों का क्या रहा बिजनेस
कोरोना के दौर में भी कुछ फिल्में थिएटर में रिलीज करने का साहस किया गया पर नतीजा अच्छा नहीं रहा। ‘मुंबई सागा’ जैसी फिल्म के बारे में ये माना गया कि शायद ये नॉर्मल दिनों में आती तो जितना अभी हुआ उससे तीन गुना बिजनेस कर पाती।
फिल्म | कमाई |
रूही | 23.25 करोड़ |
साइना | 1.16 करोड़ |
मुंबई सागा | 16.53 करोड़ |
संदीप और पिंकी फरार | 0.35 करोड़ |
…तो जून में होगा ट्रैफिक जाम
अगर ‘राधे’ पोस्टपोन हो गई तो बाद में जून में बॉक्स ऑफिस पर फिल्मों का ट्रैफिक जाम हो जाएगा। अक्षय कुमार की ‘बैलबॉटम’, रणवीर सिंह की ‘83’ , ‘फास्ट एंड फ्यूरियस’ के साथ-साथ ‘सूर्यवंशी’, ‘चेहरे’ भी इसी दौरान आएगी। ऐसे हाल में किसी एक का नहीं पर सबका नुकसान होगा। ‘राधे’ की रिलीज पर जो भी फैसला आएगा वो अगले दो-तीन महीनों में बॉलीवुड के लिए अहम होगा।