Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
मुजफ्फरपुर6 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

दैनिक भास्कर की पहल पर बुधवार की रात पुलिस द्वारा भर्ती कराई गई महिला एसकेएमसीएच में बेड पर सोई हुई। अगले ही दिन वह गायब हो गई।
अहियापुर थाना क्षेत्र के पहाड़पुर में फोरलेन के किनारे बुधवार की देर रात अर्द्धबेहोशी की हालत में मिली महिला गुरुवार को इलाज के दौरान एसकेएमसीएच से गायब हो गई। देर शाम तक वह ट्रेसलेस थी। अहियापुर पुलिस उसे मानसिक रूप से विक्षिप्त बताते हुए अपना पल्ला झाड़ रही है। पुलिस का कहना है कि महिला मानसिक रूप से स्वस्थ नहीं थी। ऐसी स्थिति में यह पता नहीं चल सका कि आखिर उसके साथ क्या हुआ था? वह इलाज भी नहीं कराना चाह रही थी। मामले में अहियापुर थानाध्यक्ष सुनील कुमार का कहना है कि रात में ही महिला को एसकेएमसीएच में भर्ती करा दिया गया था। उसकी देखरेख की जवाबदेही चौकीदार को दी गई थी। रात में महिला का इलाज चला।
गुरुवार की दोपहर में चौकीदार खाना खाने के लिए निकला, वह अस्पताल से गायब हो गई। काफी खोजबीन पर भी नहीं मिली।
ओपी प्रभारी की अजीब दलील- भर्ती करा देने के बाद जिम्मेदारी पुलिस की नहीं-
एसकेएमसीएच पुलिस चौकी के प्रभारी सुनील कुमार झा की इस प्रकरण में अलग ही दलील है। उनका कहना है कि पुलिस का काम किसी को भर्ती कराना है। उसकी अस्पताल में सुरक्षा करना नहीं। पुलिस का जो काम था, कर दिया। उसके बाद वहां से महिला कहां गई? इससे पुलिस को कोई मतलब नहीं है। उधर, अस्पताल के नर्सिंग स्टाफ का कहना है कि महिला का व्यवहार कुछ अलग तरह का था। किसी से बातचीत नहीं कर रही थी। पैर में सूजन व कमजोरी थी।
भास्कर की पहल पर पुलिस ने कराया था भर्ती-
सदातपुर-पहाड़पुर फोरलेन किनारे पिछले तीन दिनों से तकरीबन 40 साल की महिला पड़ी हुई थी। वह दर्द से कराह रही थी। स्थानीय लोगों की सूचना पर भी पुलिस महिला को अस्पताल में भर्ती कराने की पहल नहीं कर रही थी। जानकारी मिलने के बाद दैनिक भास्कर की टीम मौके पर गई और महिला को अस्पताल में भर्ती कराने को लेकर पहल की। जिसके बाद रात करीब 11 बजे अहियापुर थानाध्यक्ष सुनील कुमार मौके पर पहुंचे और महिला को एसकेएमसीएच में भर्ती कराया। नशाखुरानी गिरोह द्वारा लूटपाट किए जाने के बाद महिला को उस जगह पर फेंके जाने की आशंका जताई जा रही थी।