Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
रांची20 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

- नगर निगम की “शनिवार नो कार” में शुरू हो गई खानापूर्ति
- इसका प्रमाण शनिवार को नगर निगम बिल्डिंग के बेसमेंट में बने पार्किंग में दिखा
राजधानी की आबो हवा को साफ व स्वच्छ बनाने के साथ लोगों को सेहतमंद रहने के लिए रांची नगर निगम की ओर से पिछले माह शुरू की गई शनिवार नो कार मुहिम अब जागरूकता अभियान बनकर रह गया है। शनिवार की सुबह में नगर आयुक्त, उपनगर आयुक्त व कुछ सिटी मैनेजर द्वारा साइकिलिंग करके लोगों को साइकिल के प्रति जागरूक किया जा रहा है, लेकिन इसके बाद पूरे दिन निगम के पदाधिकारी और कर्मचारी कार व बाइक से ही आना-जाना कर रहे हैं।
इसका प्रमाण शनिवार को नगर निगम बिल्डिंग के बेसमेंट में बने पार्किंग में दिखा। निगम की पार्किंग में उप नगर आयुक्त, अधीक्षण अभियंता, कार्यपालक अभियंता सहित अन्य पदाधिकारी व कर्मचारियों की कार और बाइक लगी हुई थी। पदाधिकारियों के ड्राइवर भी वहां मौजूद थे। पूछने पर उन्होंने बताया कि फील्ड में जाना होता है, इसलिए सभी पदाधिकारी कार से ही कार्यालय आते हैं, लेकिन लोगों को जागरूक करने के लिए सुबह में साइकिल की सवारी करते हैं।
सुबह 10 बजे के बाद शहर के कई इलाकों में लगा जाम
नगर आयुक्त मुकेश कुमार की पहल पर शनिवार नो कार अभियान का असर 3 सप्ताह तक ही दिखा। शनिवार को एमजी रोड में निगम की टीम सहित आम लोग साइकिलिंग करते हुए जरूर दिखे, लेकिन उनके पीछे कार और बाइक सवार भी चलते दिखे। सुबह 10 बजे के बाद एमजी रोड, रातू रोड, हरमू रोड में कहीं भी साइकिलिंग करते हुए लोग नहीं दिखे। सुबह से शाम तक सड़क पर कार और बाइक ही नजर आया। इस वजह से कई बार सड़कें जाम भी हुई। क्योंकि, अधिकारियों ने खानापूर्ति शुरू कर दी।
साइकिलिंग को बढ़ावा देने और शहर की आबो हवा को स्वच्छ बनाने के लिए शनिवार नो कार मुहिम की शुरुआत की गई है। नगर निगम के पदाधिकारी साइकिल से कार्यालय आ रहे हैं। जो पदाधिकारी व कर्मचारी वाहन से आ रहे हैं, उनसे भी साइकिल या सिटी बस या ई-रिक्शा से आने की अपील की जाएगी ताकि जनता के बीच अच्छा संदेश जाएं।
मुकेश कुमार, नगर आयुक्त, रांची