Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
गया5 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

लोगों का आरोप है कि उनकी दुकानों पर बिना नोटिस दिए ही बुलडोजर चला दिया गया।
गया में बोधगया की अतिया पंचायत स्थित खजवती बाजार में अतिक्रमण हटाने गए पुलिस कर्मियों पर लोगों ने हमला कर दिया। इसमें एक महिला पुलिसकर्मी मीरा कुमारी और CO कमल नयन कश्यप भी घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस पर हमला के बाद SSP आदित्य कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को मगध मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने 5 लोगों को हिरासत में भी ले लिया है।
SSP आदित्य कुमार के अनुसार, पुलिस टीम पर हमला करने वालों से पूछताछ की जा रही है। आसपास के CCTV फुटेज की जांच की जा रही है। लोगों ने प्रशासन को सहयोग करने की बजाए उन पर हमला कर दिया। जो लोग भी दोषी पाए जाएंगे उन पर कार्रवाई की जाएगी।
खजवती बाजार के लोगों का कहना है कि अतिक्रमण हटाने के लिए किसी भी तरह का नोटिस नहीं दिया गया। अचानक बुधवार दोपहर CO पुलिस कर्मियों के साथ बुलडोजर लेकर पहुंच गई और दुकानों को तोड़ दिया। इधर, प्रशासन का कहना है कि पूर्व में भी कई बार CO स्तर से अतिक्रमण हटाने का निर्देश जारी किया गया था। इसके बाद बुधवार को CO कमल नयन कश्यप करीब 25 जवानों के साथ अतिक्रमण हटाने के लिए खजवती बाजार पहुंचे। वहां JCB मशीन से अतिक्रमण हटाये जाने लगा। इसी बीच गांव वालों ने विरोध करना शुरू कर दिया। कुछ लोगों ने रोड़ेबाजी शुरू कर दी। इसी क्रम में महिला सिपाही मीरा कुमारी की बांह पर एक भारी भरकम ईंट का टुकड़ा लगा। ईंट की चोट से घबरा कर वह जब भागने लगी तो वह बुलडोजर से टकरा गई। वहीं एक ईंट का टुकड़ा CO के सिर पर लगा, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।